मैनपुरी , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार मां और उसके पांच वर्षीय पुत्र की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम नाका निवासी संजीव कुमार अपनी पत्नी पूनम देवी (35), पुत्र आर्यन (5) व प्रेम (8) तथा भतीजे योगेंद्र सिंह के साथ नगला पजावा गांव में रिश्तेदार राजेश कुमार के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार देर रात लगभग 12 बजे के बाद जब परिवार बाइक से घर लौट रहा था, तभी नगला कबर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में पूनम देवी और उनके छोटे बेटे आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार और उनके बड़े पुत्र प्रेम को उपचार के लिए सैफई पीजीआई रेफर किया गया है, जबकि भतीजे योगेंद्र सिंह को बेहतर इलाज के लिए आगरा भेजा गया है। तीनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। घटनास्थल से मिली नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित