मैनपुरी , फरवरी 18 -- मैनपुरी जिले के बिछवां थाना क्षेत्र में मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर बुधवार को एक तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर से स्कूटी सवार एएनएम की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलेश यादव अपने पति पातीराम के साथ स्कूटी से जसरऊ में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का अनुश्रवण कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे अंजनी-जसरऊ तिराहे के पास पहुंचीं, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बुलेट ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कमलेश यादव को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके पति को भी चोटें आईं, जिनका उपचार कराया गया। मृतका न्यू कॉलोनी बंसी गौरा की निवासी थीं और स्वास्थ्य विभाग में सक्रिय रूप से सेवाएं दे रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और उत्तर प्रदेश बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित