मैनपुरी , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को छोटा बाजार स्थित झब्बू लाल मार्केट के पीछे लगे जियो कंपनी के मोबाइल टावर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही टावर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे घनी आबादी वाले क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग टावर के केबिन और मशीनरी में लगी थी, जिससे दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में कंपनी के महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मशीनरी और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित