मैनपुरी , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के कांकन गांव में ग्रामसभा की जमीन पर मस्जिद निर्माण की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन ने गुरुवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनशिकायतों की सुनवाई के दौरान कांकन गांव के ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि ग्रामसभा की भूमि पर कुछ लोग मस्जिद का निर्माण करा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार और पुलिस को मौके पर भेजा गया, जहां चल रहा निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया।

जिलाधिकारी के अनुसार मौके पर उपजिलाधिकारी के समक्ष महिला नूरबानो ने दावा किया कि वह मस्जिद नहीं, बल्कि आवास का निर्माण करा रही हैं। इस पर उन्हें शपथ पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही आगे निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल निर्माण कार्य स्थगित है।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में यह तथ्य सामने आता है कि बिना अनुमति के मस्जिद का निर्माण किया जा रहा था, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कांकन गांव में निर्माण को लेकर शिकायत करने पहुंचे ग्रामीणों के साथ भाजपा के पूर्व विधायक अशोक चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित