मैनपुरी , अप्रैल 01 -- मैनपुरी जिले में एलाऊ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इमलिया में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंगो राहुल (22) को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उससे अवैध वसूली कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार बुधवार को परिजनों ने घर के पास नीम के पेड़ पर राहुल का शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी। मृतक के भाई आदेश ने थाने पर दी गई तहरीर में बताया कि राहुल को छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोप है कि 31 मार्च की रात को ही विपक्षियों ने राहुल से 20,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवरात जबरन ले लिए थे। इसके बावजूद वे 50,000 रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे, जिससे क्षुब्ध होकर राहुल ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित