मैनपुरी , मार्च 27 -- मैनपुरी जिले के औंछा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि नगला कंचन निवासी गौरव कुमार (35) जसराना रोड स्थित नगला दुर्जन के पास एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। गुरुवार रात वह ड्यूटी पर था, जबकि उसका साथी कर्मचारी जगमोहन पंप के अंदर सो रहा था। देर रात एक ग्राहक पेट्रोल लेने पहुंचा, लेकिन बाहर कोई नहीं मिला। इसके बाद उसने अंदर जाकर जगमोहन को जगाया। गौरव के लापता होने पर तलाश की गई तो पंप से करीब 200 मीटर दूर उसका शव मिला।
मृतक के सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी। शव के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। साथ ही पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गौरव अकेले बाहर गया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी था।
थाना प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित