मैनपुरी , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र के देवीदासपुर गांव में मंदिर में स्थापित देवी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के आरोपी युवक को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बलवीर सिंह निवासी सुम्मेर थाना एलाऊ तथा रविंद्र सिंह ने सूचना दी थी कि देवीदासपुर निवासी दिनेश यादव ने बाग में स्थित मंदिर में लगी माता लक्ष्मी की मूर्ति को जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित