मैनपुरी , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़ी पांच वर्षीय बच्ची को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी शैलेन्द्र यादव शास्त्री की पांच वर्षीय पुत्री संध्या अपनी मां के साथ ननिहाल गरगई (थाना दन्नाहार) आई हुई थी। शुक्रवार शाम वह अपनी मां के साथ घर लौटने के लिए सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में संध्या की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित