मैनपुरी , फरवरी 8 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के बिछवां थाना क्षेत्र में रविवार को क्रिकेट खेलते समय 13 वर्षीय छात्र विराट सिंह की अचानक मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सहारा गांव निवासी सोमेंद्र सिंह का पुत्र विराट अपने साथियों के साथ मैच खेल रहा था। गेंदबाजी के दौरान उसके हाथ में तेज दर्द उठा और वह अचानक जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। साथी खिलाड़ियों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक तौर पर हृदयाघात की आशंका जताई है, हालांकि मौत के सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। विराट अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता दिल्ली में कार्यरत हैं और सूचना मिलने पर गांव के लिए रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित