मैनपुरी , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र में एसटीएफ गौतमबुद्धनगर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित एक पेट्रोल पंप को सीज कर दिया गया। इस दौरान दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधेश्याम पुत्र वासुदेव सिंह निवासी फिरोजाबाद और अंकित यादव पुत्र सतेंद्र सिंह यादव निवासी मैनपुरी के रूप में हुई है। आरोपियों ने बायो-डीजल के नाम पर पंजीकरण तो कराया था, लेकिन आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के बिना ही अवैध रूप से पंप का संचालन कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप पर डीजल के स्थान पर मिलावटी एवं केमिकल मिश्रित तेल को पेट्रोलियम उत्पाद बताकर बेचा जा रहा था। इस मिलावटी ईंधन के उपयोग से ग्रामीणों के वाहन खराब होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों और खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार को छापेमारी की गई। मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद कर पंप को सील कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में जिला पूर्ति अधिकारी, एसटीएफ निरीक्षक सचिन कुमार एवं कुरावली थाना पुलिस की टीम शामिल रही। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित