अंबिकापुर , जनवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के 'शिमला' कहे जाने वाले प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैनपाट को एक प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस बड़ी परियोजना के तहत 4.80 हेक्टेयर भूमि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आवंटित की गई है, जहाँ एक सर्वसुविधायुक्त आधुनिक पर्यटन-आवासीय परिसर का निर्माण किया जाएगा।

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी व पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के विशेष प्रयासों से इस योजना को धरातल पर उतारा जा रहा है।

प्रस्तावित परिसर की सबसे बड़ी विशेषता इसका केरल मॉडल पर आधारित होना है। यहाँ पर्यटकों के लिए प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सा, वेलनेस सेंटर, हर्बल स्पा और आयुष सेवाएं उपलब्ध होंगी। आधुनिक जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए परिसर में क्लब हाउस, जिम, स्विमिंग पूल, बच्चों के लिए विशेष खेल क्षेत्र और मनोरंजन जोन विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही, स्थानीय संस्कृति और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए एक 'मिलेट्स कैफे' भी बनाया जाएगा। पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने के लिए यहाँ पारंपरिक निर्माण के बजाय ट्री हाउस और आकर्षक कॉटेज का विकल्प भी दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित