अंबिकापुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कमलेश्वरपुर क्षेत्र के रोपाखार में शुक्रवार को बुलडोजर चलाकर कब्जे हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शासकीय भूमि पर बनाए गए 16 मकानों को खाली करने के लिए पहले ही अंतिम नोटिस जारी किया गया था, जिसकी समय-सीमा पूरी होने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के तहत रोपाखार चौक से कार्निवाल ग्राउंड के बीच स्थित कुछ मकानों को प्राथमिकता के आधार पर तोड़ा जा रहा है। हालांकि, कुल कितने मकानों को ध्वस्त किया जाएगा, इस संबंध में प्रशासन ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
सुबह जैसे ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। विरोध के बावजूद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी। प्रभावित लोगों को पहले अपना सामान हटाने के लिए सीमित समय दिया गया, जिसके बाद बुलडोजर से ढांचों को हटाया जाने लगा।
मौके पर सरगुजा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित