भीलवाड़ा , जनवरी 22 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सुखाडिया स्टेडियम पर खेली जा रही राज्य स्तरीय मेवाड़ ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन गुरुवार को महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले गए।
महिला वर्ग में झुंझुनू और अजमेर की टीमों के बीच खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अजमेर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। इनमें मोनिका गुर्जर ने 32, माधवी ने 18 और सौंदर्य चंदना ने 11 रन बनाए। झुंझुनू की दिव्या एवं निशा ने दो-दो और कंचन और ज्योति ने एक-एक विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झुंझुनू टीम निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 92 रन ही बना सकी। इसमें सर्वाधिक 21 रन नगमा वैदिक और 14 रन पाली ने बनाए। अजमेर की विद्या ने दो विकेट लिए, जबकि माधवी, निशा और रितिका ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच के तौर पर विद्या को चुना गया। अजमेर ने यह मैच 35 रन से जीता।
झुंझुनू और जोधपुर की टीमों के बीच खेले गए पुरुष वर्ग के मैच में झुंझुनू ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में 19.2 ओवर में 133 रन पर ऑल आउट हुई। झुंझुनू के नवीन चौधरी ने 58 और प्रतीक ने 20 रन बनाए। जोधपुर के साहिल ने तीन, सोमराज ने दो और दीपक गौरव एवं सुरेंद्र ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जोधपुर की टीम ने 14.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 137 रन बनाकर पांच विकेट से जीत हासिल की। जोधपुर के शिव चौधरी ने 68 और सुरेश पटेल ने 33 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच शिव चौधरी रहे।
इससे पहले सुबह पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना एवं जिला खेल अधिकारी हेमेन्द्र सिंह राणावत ने टीमों से परिचय प्राप्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित