कोलकाता , अप्रैल 03 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 65 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के बाद यह उनकी लगातार दूसरी शिकस्त है। इन दोनों ही मैचों के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे एक शब्द का बार-बार प्रयोग कर रहे हैं - 'टीम संतुलन'।
हालांकि एसआरएच के ख़िलाफ़ मिली हार ने साफ कर दिया है कि समस्या सिर्फ़ चोटिल गेंदबाज़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि केकेआर के मध्यक्रम में भी कुछ समस्याएं हैं। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रहाणे ने एसआरएच के ख़िलाफ मिली हार का एक प्रमुख कारण बीच के ओवरों में साझेदारी न बन पाना बताया। उन्होंने कहा, "आज की विकेट बल्लेबाज़ी के लिए मुफ़ीद थी, लेकिन हमारी बल्लेबाज़ी में वह लय नजर नहीं आई। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए हमें और बेहतर बल्लेबाज़ी की जरूरत थी। बीच के ओवरों में हम साझेदारी नहीं कर सके, जबकि जरूरत यह थी कि कुछ बड़ी साझेदारियां हों और खेल को अंत तक ले जाया जाए।"मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ पहले मैच में भी केकेआर ने बीच के ओवरों में ही मोमेंटम गंवाया था। उस मैच में केकेआर ने 10 ओवर में 120 रन बना दिए थे, लेकिन अगले 10 ओवरों में टीम सिर्फ़ 102 रन ही जोड़ सकी। एसआरएच के ख़िलाफ़ भी कहानी लगभग वही रही। शुरुआती पांच ओवर में 67 रन ठोकने के बावजूद टीम उस रफ़्तार को बरकरार नहीं रख पाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित