श्रीगंगानगर , मार्च 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने सोमवार को फिर सूरतगढ़ रोड पर सरकारी मेडिकल कॉलेज के सामने शराब ठेका खोले जाने का विरोध किया। एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने आज जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन दिया और कहा कि सूरतगढ़ रोड पर आबकारी विभाग द्वारा मंजूर किया जा रहा शराब का ठेका सरकारी मेडिकल कॉलेज के सामने है। मेडिकल कॉलेज में 500 से ज्यादा विद्यार्थी अध्यनरत हैं। कॉलेज में ही बालिका छात्रावास है। इसलिए यहां पर शराब ठेका खोलने की मंजूरी नहीं दी जाये। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह शराब ठेका सरकारी और कानूनी मापदंड और आदेश का उल्लंघन करके खोल जा रहा है। इस पर तुरंत रोक लगायी जाये।
एनएसयूआई ने इससे पहले 11 मार्च को भी जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन दिया था, और कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। इस बीच स्थानीय मीरा चौक के नजदीक भी आवासीय क्षेत्र में शराब ठेका खोले जाने का लोगों ने प्रबल विरोध किया।
उल्लेखनीय है कि नए वित्त वर्ष के ठेके एक अप्रैल से शुरू होने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित