शिलांग , फरवरी 05 -- मेघालय में ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के मायन्संगट थांगक्सो इलाके में गुरुवार को एक अवैध रैट-होल कोयला खदान के अंदर भारी डायनामाइट विस्फोट से कम से कम 18 खनिकों की मौत हो गयी।
ईस्ट जयंतिया हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख विकास कुमार ने पुष्टि की कि मायन्संगट थांगक्सो इलाके में अवैध कोयला खदान में डायनामाइट विस्फोट हुआ था।
पुलिस ने घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता और खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
श्री कुमार ने यूनीवार्ता को बताया कि अब तक अवैध कोयला खदान से कुल 18 शव बरामद किए गए हैं। विस्फोट में जलने से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है।विस्फोट की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, फोरेंसिक विशेषज्ञ, राज्य आपदा मोचन बल और अग्निशमन सेवा की टीमें स्थिति का जायजा लेने के लिए मयन्संगट थांगस्को क्षेत्र में पहुंच गईं। खोज और बचाव अभियान में सहायता के लिए शिलांग और असम से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन और आपातकालीन सेवा की एक टीम बुलाई गई है। विस्फोट के कारणों का विश्लेषण करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों और बम निरोधक दस्ते को घटनास्थल पर तैनात किया गया था।
अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि खदान के अंदर और भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान रोक दिया गया था और शुक्रवार को फिर से शुरू किया जायेगा।।
मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा कि राज्य सरकार ने दुखद कोयला खदान घटना की "व्यापक जांच" के आदेश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित