शिलांग , जनवरी 20 -- मेघालय पुलिस ने मंगलवार को उन 18 बंगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारत में प्रवेश किया था। पुलिस ने इसके साथ ही उन भारतीय दलाल और पांच ड्राइवरों को भी पकड़ा जिन्होंने घुसपैठियों की मदद की थी।

पश्चिम जयंतिया पहाड़ी जिले के पुलिस प्रमुख जगपाल सिंह धनका ने कहा कि आमलारेम सिविल अनुमंडल के पास पीछा करने के बाद घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि पुलिस के इस अभियान में डावकी गांव के विशाल डखर नाम के एक व्यक्ति की गाड़ी पुलिस चेक गेट से बचकर निकल गई। डखर चार बंगलादेशी नागरिकों को ले जा रहा था।

अभियान के दौरान दो भारतीय दलाल-मेबन डखर और उसका साथी मेलारी रासमट को भी उनकी गाड़ी के साथ लाड डेमथ्रिंग से हिरासत में लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित