पटना , दिसंबर 05 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने शुक्रवार को कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना किसानों को सशक्त और जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कृषि मंत्री श्री यादव ने विश्व मृदा दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरम्भ की गई मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना किसानों को सशक्त और जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार सरकार मिट्टी को स्वस्थ एवं उपजाऊ बनाए रखने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री कुमार के प्रभावी नेतृत्व में अब तक बिहार में 01 करोड़ 65 लाख से अधिक किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत को जैविक खेती का हब बनाने का जो संकल्प लिया है, उसके आलोक में बिहार कृषि विभाग भी जैविक खेती को तेजी से बढ़ावा दे रहा है। जल्द ही सरकार बिहार को भी जैविक खेती को हब बनाने में कामयाब होगी।
श्री यादव ने कहा कि "मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए उर्वरकों का संतुलित उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों के अंधाधुंध प्रयोग से भूमि की गुणवत्ता, अनाज की पौष्टिकता और मानव स्वास्थ्य सभी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने से किसानों की लागत घटेगी, उपज की गुणवत्ता बढ़ेगी और किसानों की आय में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि "बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कृषि और किसान हैं। राज्य की लगभग 76 प्रतिशत से अधिक आबादी की आजिविका कृषि पर आधारित है। बिहार के विकास में कृषि क्षेत्र की बहुत बड़ी भागीदारी है। सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने एवं खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
कृ़षि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार राज्य में कृषि एवं किसानों के विकास के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप के माध्यम से राज्य के कृषि एवं किसानों की प्रगति एवं उन्नति के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे है। किसानों को हर वह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जो उनकी आय बढ़ाने और खेती को समृद्ध करने में मददगार हो। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है।"इस अवसर पर मंत्री ने पटना जिला के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि "मिट्टी सिर्फ धरती मां का स्वरूप ही नहीं, बल्कि वह जीवन का आधार है। सदियों से मिट्टी ने हमें अन्न, पोषण और समृद्धि प्रदान की है, इसलिए इसकी सेहत की रक्षा करना हम सबका नैतिक दायित्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित