बीजापुर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ों में मारे गए अज्ञात नक्सलियों की पहचान एवं संबंधित जानकारी एकत्र करने के लिए दण्डाधिकारियों ने नागरिकों से उपस्थित होकर साक्ष्य देने की अपील की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना बासागुड़ा क्षेत्र के ग्राम गगनपल्ली व मुरकीपाड के जंगलों में तीन जनवरी 2026 को हुई मुठभेड़ में एक अज्ञात पुरुष तथा एक महिला नक्सली के शव सहित नक्सली साहित्य एवं हथियार बरामद किए गए थे।

इसी प्रकार थाना पामेड़ क्षेत्र के ग्राम कावरगट्टा में 29 जनवरी को हुई मुठभेड़ में दो अज्ञात पुरुष नक्सलियों के शव मिले थे। वहीं, थाना भोपालपटनम एवं फरसेगढ़ क्षेत्र के ग्राम अन्नापुर एवं मट्टीमरका के मध्य हुई मुठभेड़ में चार पुरुष एवं आठ महिला नक्सलियों के शव बरामद हुए थे।

प्रवक्ता ने बताया कि इन मृतकों की पहचान एवं घटनाओं से संबंधित किसी भी जानकारी रखने वाले व्यक्ति अनिवार्य रूप से अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

भोपालपटनम थाना क्षेत्र की घटना से संबंधित कोई भी जानकारी रखने वाले व्यक्तियों को 19 फरवरी 2026 तक न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी, भोपालपटनम के समक्ष उपस्थित होना होगा।

वहीं, बासागुड़ा व पामेड़ थाना क्षेत्रों की घटनाओं की जानकारी रखने वालों को 20 फरवरी 2026 तक अनुविभागीय दण्डाधिकारी, उसूर के समक्ष उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा।

प्रशासन ने सहयोग करने वालों की गोपनीयता बनाए रखने का भरोसा दिलाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित