पटना , जनवरी 20 -- बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के विरोध में मंगलवार को जिला अधिवक्ता संघ के वकीलों ने कैंडल मार्च निकाला।
पटना सिविल कोर्ट परिसर स्थित संघ भवन से निकले गए कैंडल मार्च का नेतृत्व संघ के अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिन्हा ने किया। महेंद्रु घाट चौराहे पर कैंडल मार्च एक सभा में तब्दील हो गया जहां वकीलों ने मृत छात्रा शिवानी( परिवर्तित नाम) को श्रद्धांजलि दी और अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाये।
मार्च में शामिल वकील छात्रा की मौत के जिम्मेवार लोगों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द सजा देने, कानून व्यवस्था दुरुस्त करने, सभी हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरा लगाने, हॉस्टलों में पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था करने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति को रोकने की समुचित व्यवस्था करने समेत अन्य मांगों से संबंधित नारे लगा रहे थे।
मार्च में संघ के महासचिव अरविन्द कुमार मउआर समेत अधिवक्ता श्यामल किशोर, एम ए खान, सुनील कुमार सिन्हा, नरेश शर्मा, विजय आनंद, अंशुमान सिंह, सतीश कुमार वर्मा, मोहम्मद शाहिद अख्तर, नदीम अख्तर, पुरुषोत्तम शर्मा, ओमप्रकाश, छाया रानी सहित अन्य अधिवक्ता शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित