भरतपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में 25 मार्च को आभूषण विक्रेता योगेंद्र चोपड़ा की गोली मारकर हत्या करके उससे करीब 80 लाख रुपये के आभूषण लूटने के मामले को लेकर मृतक की पत्नी द्वारा बुधवार से आमरण अनशन पर बैठने की घोषणा को वापस ले लिए जाने के बाद पुलिस एवं प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चौपड़ा हत्याकांड को लेकर आंदोलनरत नदबई कस्बे में शांति की पहल को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और पुलिस द्वारा अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के इस आश्वासन के बाद मृतक की पत्नी ने फिलहाल अपना प्रस्तावित धरना स्थगित करने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित