जशपुर, सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने भूमि माफियाओं द्वारा मृतक व्यक्ति की जमीन हड़पने के एक बड़े घोटाले का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामला थाना कुनकुरी क्षेत्र का है, जहाँ आरोपियों ने वर्ष 2014 में मर चुके सोमरा राम की जमीन हड़पने की साजिश रची। आरोपियों ने मृतक के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उप पंजीयक कार्यालय कुनकुरी से जाली दस्तावेजों के आधार पर पॉवर ऑफ अटर्नी प्राप्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम जितेंद्र कुमार शर्मा (34) और अघनू राम (58) हैं। मृतक के पुत्र महेश राम ने जब इस घोटाले का पता चला, तो उन्होंने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई और न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। इसके बाद पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू की।
एसपी सिंह ने कहा, "आरोपियों ने मृतक की फोटो के स्थान पर अघनू राम की फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया था। उप पंजीयक कार्यालय में अघनू राम ने स्वयं को सोमरा राम बताकर पॉवर ऑफ अटर्नी हासिल किया।"पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जबकि,आनंद खलखो और रामलाल नामक दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित