रुद्रपुर , जनवरी 29 -- उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर जिले के बरा गांव में मूंगफली के थोक व्यापारी के घर में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उप्र के बरेली के दो भाइयों ने अपने दोस्त के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एक हफ़्ते पहले तीन नकाबपोश बदमाश बदमाशों ने बरा गांव में मूंगफली के थोक व्यापारी नरेश प्रजापति के घर में घुसकर घरवालों को बंधक बना कर 87000 रुपये की नकदी और 6 लाख रुपये के गहने लूट लिए थे। बदमाश घर का दरवाजा बाहर से बंद करके फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर पुलभट्टा पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की। दो पुलिस टीमों को बदमाशों की तलाश में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उप्र भेजा गया। आखिरकार, पुलिस टीम ने गुरुवार को बरेली के भोजीपुरा के अभयपुर तिराहे से लूट में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान बरेली के फतेहगंज पश्चिम में लोहार नगला गांव निवासी इस्लाम हुसैन के रूप में हुई है। उसके पास से एक पिस्तौल, मोबाइल फोन और 26500 रुपये की नकदी भी बरामद हुए हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने बड़े भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने घटना के बाद उसी गांव से एक मोटरसाइकिल भी लूटी।

पुलिस अबरार और शकील की तलाश में जुट गई है। इसी के साथ ही अपराध में कुछ और धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित