मुज़फ्फरपुर , मई 03 -- बिहार में मुज़फ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्रमें रविवार को सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तेज रफ्तार कार मोतिहारी की ओर से आ रही थी। इस दौरानरतनपुर में कार चालक ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गया। इस दुर्घटना में कार में सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान कृष्णा कुमार (35), सोनू कुमार (25), मंतोष कुमार (20) और गुंजन कुमार (25) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों युवक आपस में घनिष्ठ मित्र थे। इस घटना में बाइक सवार दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया.शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल(एसकेएमसीएच)भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित