लखनऊ , नवंबर 22 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर शनिवार को एक श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन कर उन्हें याद किया गया।

पार्टी की तरफ से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी है।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत अन्य नेताओं ने श्रद्धेय नेता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

श्री अखिलेश ने इस मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी लोग श्रद्धेय नेता जी को याद कर रहे है। नेता जी का पूरा जीवन संघर्षों से भरा रहा। समाजवादी पार्टी उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर चल रही है। नेता जी ने किसानों, नौजवानों, गरीबों, पिछड़ो, दलितो, अल्पसंख्यकों समेत सभी वर्गाे के हित में फैसले लेकर उनके जीवन में बदलाव लाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज नये तरह की लड़ाई छिडी हुई है चुनाव नये तरीके से लड़ा जा रहा है। हम लोगों को सूझ-बूझ और समझदारी से काम करना है। नेता जी ने संघर्ष का रास्ता दिखाया है। समाजवादी पार्टी संघर्ष के रास्ते पर चलते हुए संविधान, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने की लड़ाई लड़ती रहेगी। पार्टी की सरकार के दौरान छात्रो नौजवानों, किसानो समेत सभी वर्गों के लिए बड़े फैसले लिए गये थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद महंगाई बढ़ाने का काम किया, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी चरम पर है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे है। अन्याय अत्याचार चरम पर है। हर वर्ग परेशान है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में हराना है। कार्यकर्ता और नेता जनता के बीच रहकर उनके सुख दुख में शामिल रहें। भाजपा के झूठ के प्रचार को बेनकाब करें। भाजपा झूठ बोलने वाली और भूमाफिया पार्टी है।

श्री अखिलेश यादव को श्रीमती कमला स्वरूपा प्रजापति ने श्री मुलायम सिंह यादव से सम्बन्धित स्मारिका भेंट की। स्मारिका में नेता जी के विचारों और संस्मरणो को स्थान दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित