बैतूल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई तहसील अंतर्गत मंगोना कला गांव में रविवार देर रात भीषण आगजनी की घटना में एक ग्रामीण का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे में तीन मोटरसाइकिलों सहित सालभर का अनाज नष्ट हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगोना कला निवासी नामदेव उकंडे के घर में देर रात अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण परिवार को सामान बचाने का मौका नहीं मिला। लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना मिलने पर मुलताई नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार, आगजनी में तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। इसके अलावा लगभग 25 से 30 क्विंटल गेहूं और सोयाबीन, जो परिवार की सालभर की मेहनत का परिणाम था, आग की भेंट चढ़ गया।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का पंचनामा तैयार किया जा रहा है, ताकि पीड़ित परिवार को शासन से मुआवजा मिल सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित