प्रयागराज , मार्च 28 -- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई झड़पों को लेकर प्रयागराज में साधु-संतों ने नाराजगी जताई है और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।
बताया गया है कि मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और रघुनाथगंज क्षेत्रों में रामनवमी जुलूस के दौरान झड़प, पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर श्रीमद् जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी नारायणाचार्य जी महाराज ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जुलूस पर हमला सुनियोजित साजिश का हिस्सा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता जताई।
संतों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं चिंताजनक हैं और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित