लखनऊ , नवम्बर 27 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शुक्रवार को लखनऊ दौरे को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राष्ट्रपति के एयरपोर्ट पर पहुचने के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल उन्हें शहर की चाभी सौंपेंगी। इसके साथ ही राष्ट्रपति के शहर में रहने की वजह से स्वास्थ्य की दृष्टि से लखनऊ के चार बड़े अस्पतालों को सेफ हाउस में तब्दील कर दिया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शुक्रवार सुबह 10.30 बजे आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य मंत्री अगवानी के लिए उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल भेंट के दौरान राष्ट्रपति को शहर की चाभी सौंपेंगी।
एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की इस वर्ष की थीम 'विश्व एकता और विश्वास के लिए ध्यान (योग)' के राज्य स्तरीय शुभारंभ का उद्घाटन करेंगी। यह आयोजन सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन राजयोग ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति राजभवन लौट आएगी। जहां पर अल्पहार के साथ ही वह विशिष्ट गणमान्य नागरिकों से मुलाकात करेंगी। तकरीबन 2 घण्टे राजभवन में व्यतीत करने के बाद राष्ट्रपति जम्बूरी में शामिल होने के लिए रवाना हो जाएंगी। जहां से कार्यक्रम के बाद वह सीधे एयरपोर्ट के जरिये दिल्ली वापस लौटेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित