बालोद , नवंबर 18 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'जल संचय, जन भागीदारी'अभियान के तहत पूर्वी जोन में बालोद जिले को 'उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला' घोषित करते हुए कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सम्मानित किया।

राष्ट्रीय राजधानी के विज्ञान भवन में आयोजित छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं जल संचय सम्मान समारोह में बालोद जिले को दो करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। समारोह में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी. आर. पाटिल, केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय संपूर्ण जिले के लोगों को दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के सहयोग तथा सक्रिय भागीदारी से जल संरक्षण के क्षेत्र में यह उल्लेखनीय सफलता मिली है। उन्होंने जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित