नयी दिल्ली, सितम्बर 29 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दुर्गा पूजा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मुर्मु ने सोमवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा," दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर मैं भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं। दुर्गा पूजा का ये पवित्र त्योहार हमारी संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा करना न केवल आध्यात्मिक शुद्धि का मार्ग है, बल्कि हमें सत्य, न्याय और करुणा के साथ आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करता है। यह पर्व समानता, सहिष्णुता और प्रेम की भावना को बढ़ावा देता है।"उन्होंने कहा , " इस पावन अवसर पर आइए हम महिलाओं के प्रति सम्मान सुनिश्चित करने और समाज में उनके उचित स्थान को बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लें। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि वे सभी को बुद्धि और साहस प्रदान करें और सभी को सुख तथा समृद्धि का आर्शिवाद दें।"दुर्गा पूजा का पर्व बुराई के प्रतीक राक्षस महिषासुर पर देवी दुर्गा की विजय के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में भी मनाया जाता है। दुर्गा पूजा का पर्व विशेष रूप से पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, मणिपुर, ओडिशा और त्रिपुरा आदि में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित