मुरैना , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज से शुरु हुए चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर मंदिरों में आज तड़के से ही श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं।
जानकारी के अनुसार आज तड़के से ही जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में देवी दर्शन और पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई देखी गईं। मंदिरों को फूल मालाओं ओर रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिरों के बाहर फूल माला, नारियल और प्रसाद की दुकानें कल रात से ही लगना शुरू हो गई थीं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। उधर राजस्व विभाग के अधिकारी भी मंदिरों पर आने वाले श्रद्धालुओं पर नजर रख रहे हैं कि किसी भी तरह की उन्हें परेशानी नहीं हो।
बताया यह भी गया है कि गर्मी को देखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा भी दर्शनार्थियों के लिए पेयजल की मंदिरों के आसपास व्यवस्थाएं की गई हैं। दुर्घटना से बचने के लिए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को भी हिदायतों दी गई हैं कि वे अधिक मात्रा में यात्रियों को न बिठाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित