मुरैना , दिसम्बर 12 -- परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर के निर्देश पर मुरैना जिले में मुरैना-धौलपुर मार्ग पर संचालित यात्री वाहनों की जांच के लिए बुधवार को परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती अर्चना परिहार के नेतृत्व में देवरी एवं सरायछौला स्थित चेक प्वाइंट्स पर यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, वाहन बीमा, फिटनेस, परमिट सहित अनिवार्य दस्तावेजों की गहन जांच की गई। विभाग ने कुल 68 वाहनों की जांच की, जिनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 23 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई और 82 हजार 500 रुपये का राजस्व वसूला गया।

जांच के दौरान मैजिक वाहन एमपी-06-टीए-0353 बिना किसी वैध दस्तावेज के संचालित पाया गया, जिसे जब्त कर पुलिस थाना यातायात में सुरक्षित रखा गया है। इसी प्रकार एक अन्य यात्री वाहन के चालक को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते पाए जाने पर उसका ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

अभियान में आरटीओ अर्चना परिहार के साथ परिवहन प्रधान आरक्षक अभिषेक, आरक्षक जितेंद्र तोमर, नगर सैनिक एवं कार्यालयीन कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने बताया कि वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

परिवहन विभाग ने जिले के सभी वाहन संचालकों को सलाह दी है कि वाहन संचालन से पूर्व सभी आवश्यक वैध दस्तावेज अपने पास रखें, जिनमें परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, प्रदूषण प्रमाणपत्र, चालक एवं परिचालक का व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, रिफ्लेक्टर टेप, वीएलटीडी डिवाइस, जीपीएस, कैमरा तथा स्पीड गवर्नर का उचित रूप से स्थापित एवं सक्रिय होना अनिवार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित