मुरैना , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आज गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो महिलाओं और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ग्राम हिंगोना निवासी रामबरन जाटव (45) अपनी पत्नी रामरती (40), पुत्रवधू पूनम (25) और नातिन काव्या (2) के साथ बाइक से नेशनल हाईवे-44 स्थित अंबाह बायपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामरती, पूनम और काव्या की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि रामबरन जाटव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित