मुरैना , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इन घटनाओं में चार लाख रुपये से अधिक की नकदी और सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम गोबरा में संतोष कुशवाह के घर की दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये नकद व जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने बीरेंद्र कुशवाह के घर को निशाना बनाया, जहां से करीब तीन लाख रुपये नकद और आभूषण ले उड़े।
तीसरी वारदात ग्राम भवरेछा में कालू यादव की दुकान का ताला तोड़कर की गई, जहां से चोर पांच हजार रुपये नकद के साथ तिजोरी भी उठाकर ले गए। इसी दौरान चोरों ने दो अन्य घरों में सेंध लगाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग रात में बारी-बारी से पहरेदारी करने को मजबूर हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित