मुरैना , मई 4 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल क्षेत्र से अवैध रेत के परिवहन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग और पुलिस ने नई तकनीक अपनाई है। इसके तहत कीलों जड़ी प्लेटों का उपयोग कर ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोका जा रहा है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोकने के दौरान पहले रेत माफिया द्वारा वाहन चढ़ाकर हमला करने की घटनाएं सामने आती थीं। नई व्यवस्था में ऐसे वाहनों को देखते ही सड़क पर कीलों जड़ी प्लेट डाल दी जाती है, जिससे पहिए पंक्चर होकर वाहन रुक जाता है और उसे पकड़ लिया जाता है।
बताया गया है कि ऐसा ही एक मामला कल नेशनल हाईवे पर ग्राम देवरी गेम रेंज स्थित वन चौकी पर सामने आया, जहां अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के लिए कीलों वाली प्लेट सड़क पर डाली गई। इससे ट्रैक्टर का पहिया पंक्चर हो गया और वाहन पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। वाहन बिना नंबर का बताया गया है, इसलिए चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित