मुरादाबाद , मार्च 26 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद स्टेशन पर किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान के तहत 38 ट्रेनों की जांच कर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों से 1.22 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया, जबकि अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस से 23 कार्टन अवैध पानी की बोतलें बरामद की गईं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश पर मुरादाबाद स्टेशन पर सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान 38 ट्रेनों की जांच में कुल 245 मामलों का पता चला, जिनसे 1,22,800 रुपये की वसूली की गई। उन्होंने बताया कि बिना टिकट यात्रा के 149 मामलों से 78,515 रुपये, अनियमित यात्रा के 93 मामलों से 43,485 रुपये तथा गंदगी फैलाने के तीन मामलों में 800 रुपये वसूले गए।

अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 12204 अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस से 23 कार्टन अवैध पानी की बोतलें भी बरामद की गईं। मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिलने पर टिकट चेकिंग टीम ने आरपीएफ की मौजूदगी में सभी कार्टनों को ट्रेन से उतार लिया। यह अभियान भावेश शर्मा और विजयंत शर्मा (सीआईटी) के नेतृत्व में 19 टिकट चेकिंग कर्मियों तथा चार आरपीएफ जवानों की टीम द्वारा चलाया गया।

श्री गुप्ता ने यात्रियों से अपील की कि वे बिना टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट के स्टेशन परिसर में प्रवेश न करें, अपनी श्रेणी के अनुसार ही यात्रा करें तथा स्टेशन और ट्रेन में स्वच्छता बनाए रखें। किसी भी सहायता के लिए यात्री हेल्पलाइन नंबर 139 या "रेल आन" मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

मुरादाबाद मंडल ने स्पष्ट किया कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित