मुरादाबाद , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उधम सिंह गैंग का शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार शार्प शूटर की मौत हो चुकी है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुयी है। हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर कला निवासी आशु उर्फ मोंटी पर हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे जघन्य अपराधों के करीब 36 मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद क्षेत्र में एक व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को मौके से .32 बोर की फैक्ट्री मेड पिस्टल,.32 बोर की फैक्ट्री मेड रिवॉल्वर,12 बोर की फैक्ट्री मेड बंदूक के अलावाभारी मात्रा में खोखा और जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आशु उर्फ मोंटी वर्ष 2010 में हत्या के एक मामले में जेल गया था, जहां उसका संपर्क उधम सिंह गैंग से हुआ। जमानत पर रिहा होने के बाद वह गैंग के लिए काम करने लगा और अपराध को अपना पेशा बना लिया।
आरोपी के खिलाफ मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर और मुरादाबाद सहित विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित