मुरादाबाद , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के अपहरण कर फिरौती वसूलने की साजिश को विफल करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मैनाठेर थाना पुलिस और विशेष अभियान दल की संयुक्त टीम ने 16-17 मार्च की रात त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की योजना 'डिजाइन वर्ल्ड आईएनसी' नामक फैक्ट्री के मालिक या उनके भाई का अपहरण कर करोड़ों रुपये की फिरौती वसूलने की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम फरीदपुर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उमरी-सब्जीपुर मार्ग पर कब्रिस्तान के निकट एक संदिग्ध सफेद कार में सशस्त्र व्यक्तियों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद मारुति बलेनो कार, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, एक देशी पिस्तौल (32 बोर), तीन तमंचे (32 और 315 बोर), नौ जिंदा कारतूस, एक चाकू, बेहोश करने वाले इंजेक्शन और सिरिंज, रस्सी, दुपट्टा, मास्क, सेलोटेप, पेचकश, मोबाइल फोन, एक फर्जी वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा 8,160 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सारिक उर्फ लाला निवासी जयंतीपुर थाना मझोला, इमरान निवासी पंडित नगला थाना कटघर, जाने आलम निवासी काली मंदिर के पास थाना मझोला, रिजवान उर्फ बड़ा निवासी लंबी गली पीरगैब थाना मुगलपुरा तथा इमरान निवासी तांडी खाना थाना सिविल लाइन्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इमरान फैक्ट्री में कार्यरत था और उसी ने मालिक की गतिविधियों तथा दिनचर्या की रेकी की थी।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने अपहरण की योजना बनाई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी और फिरौती मांगने के लिए अलग मोबाइल तथा सिम की व्यवस्था की गई थी। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास तथा संभावित साथियों के बारे में भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित