मुरादाबाद , मार्च 24 -- पश्चिम एशिया में युद्ध लंबा खिंचने की आशंका के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में सभी पेट्रोल-डीजल रिटेल आउटलेट संचालकों को अग्रिम आदेश तक न्यूनतम 1000 लीटर डीजल और 500 लीटर पेट्रोल का स्टॉक सुरक्षित रखना अनिवार्य किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी रिटेल आउटलेट्स को निर्देशित किया गया है कि पेट्रोल और डीजल की बिक्री केवल वाहनों में ही की जाए। किसी भी स्थिति में ड्रम, बोतल, केन या अन्य कंटेनरों में ईंधन की बिक्री नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति केवल वैध उपभोक्ताओं को ओटीपी आधारित बुकिंग के बाद निर्धारित मूल्य पर ही की जाएगी। साथ ही सभी गैस एजेंसियों को 50 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित रखे गए स्टॉक का उपयोग केवल उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अपरिहार्य परिस्थितियों में ही किया जाएगा। उन्होंने सभी संचालकों से अपील की कि वे पारदर्शिता बनाए रखते हुए आपूर्ति सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित