मुरादाबाद , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में निराश्रित महिलाओं के लिए संचालित पेंशन योजना उनके लिए मजबूत संबल बनकर उभरी है। जिले की 64,150 निराश्रित महिलाओं को इस योजना के तहत सालाना 12 हजार रुपये की आर्थिक मदद सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे उनके आर्थिक संकट में काफी कमी आई है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश गुप्ता ने रविवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 में 6,241 नई महिलाओं को इस योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अनुज सिंह के नेतृत्व में जिले में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत चल रही निराश्रित महिला पेंशन योजना बेसहारा महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की दर से सालाना 12,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है।
इस आर्थिक मदद से न केवल महिलाओं का आर्थिक संकट कम हुआ है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आगे बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 64,150 महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। चालू वित्त वर्ष में 6,241 नई महिलाओं को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रति माह 1,000 रुपये दिए जाते हैं, जो सालाना 12,000 रुपये के रूप में त्रैमासिक आधार पर चार किस्तों में उनके खातों में भेजी जाती हैं। इस नियमित सहायता से महिलाओं की आर्थिक निर्भरता कम हुई है और उनके ऊपर से आर्थिक बोझ भी काफी हद तक हल्का हुआ है।
योजना में पारदर्शिता और सहूलियत बढ़ाने के लिए आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है। अब महिलाओं को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। घर बैठे आवेदन करने के बाद वे सीधे योजना का लाभ प्राप्त कर रही हैं। इस आसान प्रक्रिया के कारण अधिक से अधिक महिलाएं इस योजना से जुड़ने के लिए आगे आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित