मुरादाबाद , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सिविल लाइंस स्थित मुख्य डाकघर में बम होने की सूचना से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। पुलिस ने एहतियातन पूरे परिसर को खाली कराकर सघन जांच अभियान चलाया, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर परिसर को खाली कराकर वहां मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड ने डाकघर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली, जबकि फॉरेंसिक टीम ने संदिग्ध स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक सैंपल एकत्र किए। सिविल लाइंस थाना पुलिस पूरे समय मौके पर तैनात रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी। लंबी जांच के बाद पुलिस को कोई भी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे यह सूचना अफवाह साबित हुई।

पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित