मुरादाबाद , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में ऑनर किलिंग मामले का खुलासा करते हुए युवक-युवती की हत्या के आरोपी दो सगे भाईयों को गिरफ़्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव ऊमरी में पडौसी युवक- युवती के दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बृहस्पतिवार को बड़ा खुलासा करते हुए मृत युवती के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में बताया गया है कि नाजायज संबंधों से आवेशित होकर आरोपी दो भाइयों ने जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि ग्राम ऊमरी निवासी हनीफ ने बीती 21 जनवरी को थाना पाकबड़ा में एक तहरीर दी थी, जिसमें बताया गया था कि उसके पुत्र अरमान की हत्या कर दी गई है और शव को कहीं छिपा दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज़ कर राजाराम, सतीश सैनी और रिंकू सैनी के खिलाफ नामजद अभियोग पंजीकृत किया था।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को दोहरे हत्याकांड में नामजद सतीश सैनी और रिंकू सैनी निवासी ग्राम ऊमरी समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी मृत युवती काजल के सगे भाई हैं, जबकि तीसरा आरोपी राजाराम फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि अरमान नामक युवक के उनकी बहन काजल से अवैध संबंध थे, जिसकी वजह वह मानसिक रूप से बुरी तरह आहत थे। समाज में बदनामी के डर और पारिवारिक प्रतिष्ठा का हवाला देते हुए हमने मिलकर दोनों की हत्या की योजना बनाई थी।

योजनानुसार बीती 18 जनवरी को लगभग 11 बजे रात्रि में फावड़े से हमला कर अरमान और काजल की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को प्लास्टिक के कट्टों में भरकर चादर में लपेटा और मोटरसाइकिल से गागन नदी के किनारे ले जाकर गड्ढा खोदकर दोनों शवों को मिट्टी में दबा दिया था, ताकि किसी को कोई भनक न लगे।

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। बृहस्पतिवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतका काजल का दाह संस्कार गागन नदी के किनारे उसके परिजनों द्वारा किया गया। जबकि अरमान के शव को गांव के ही कब्रिस्तान में दफनाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित