नवी मुम्बई , जनवरी 10 -- कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 74) और नेट साइवर ब्रंट (70/दो विकेट) के बाद एमेलिया केर और निकोला कैरी (तीन-तीन विकेट) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मुम्बई इंडियंस महिला टीम ने शनिवार विमेंस इंडियन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के तीसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स महिला को 50 रनों से शिकस्त दी।
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम को मुम्बई इंडियंस के गेंदबाजों ने 19 ओवर 145 के स्कोर पर समेट कर मुकाबला रनों से जीत लिया। शिनेल हेनरी ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सर्वाधिक 56 रनों की पारी खेली। निकी प्रसाद (12), लिजेल ली (10), मेरीजेन कप्प (10), स्नेह राणा (11) रन बनाकर आउट हुई। श्री चारणी 10 रन बनाकर नाबाद रही। दिल्ली कैपिटल्स के शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर संस्कृति गुप्ता ने नंदनी शर्मा (शून्य) को आउटकर दिल्ली कैपिटल्स की पारी 145 के स्कोर पर समेट दिया।
मुम्बई इंडियंस के लिए निकोला कैरी और एमेलिया केर ने तीन-तीन विकेट लिये। नेट साइवर ब्रंट को दो विकेट मिले। शबनिम इस्माइल और संस्कृति गुप्ता ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित