पटना , फरवरी 12 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरूवार को कहा कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष झूठ की राजनीति पर उतारू हो गया है तथा सोची-समझी साजिश के तहत कानून-व्यवस्था के नाम पर बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार की स्वच्छ छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहा है।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि बजट सत्र के दौरान सदन में विपक्ष ने जिस प्रकार का आचरण प्रदर्शित किया, वह संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे परिलक्षित होता है कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी पराजय से विपक्ष अब तक उबर नहीं पाया है तथा अपनी बौखलाहट का खुला प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से विपक्ष को कोई सरोकार नहीं रह गया है।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह राजनीतिक विडंबना है कि जिनका पूरा शासनकाल अपराध और अव्यवस्था का पर्याय माना जाता रहा, जिनके 1990 से 2005 के कार्यकाल के दौरान प्रदेश की जनता ने डर, आतंक और भय के वातावरण में जीवन व्यतीत किया, वही लोग आज विधि-व्यवस्था के प्रश्न पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

श्री कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार जनता के हितों की सुरक्षा को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कानून के राज में किसी को भी मनमानी करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करता है, तो सरकार उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल में अपराधियों को दंडित करने के बजाय सत्ता में बैठे लोगों के माध्यम से उन्हें संरक्षण और प्रोत्साहन दिया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित