चित्तौड़गढ़ , फरवरी 09 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू क्षेत्र में रविवार को मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने मुठभेड़ के बाद मय हथियार के एक तस्कर को गिरफ्तार को उससे चार क्विंटल से अधिक डोडा चूरा बरामद किया।

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने सोमवार को बताया कि कोटा चौकी को सूचना मिली कि मारवाड़ का कुख्यात तस्कर बजरंगराम विश्नोई उर्फ भगवान निवासी जिला जोधपुर डोडा चूरा की बड़ी खेप बेंगू से स्कार्पियो कार से लेकर जाएगा। दल ने बेंगू से ही उसका पीछा किया, लेकिन तस्कर अपने वाहन को तेज भगाकर दो सौ किलोमीटर तक चकमा देता रहा। दल ने पीछा करते हुए अजमेर जिले के बागोडा में तस्करों को घेर लिया तो उसने चलते वाहन से गोलीबारी शुरु कर दी।

उन्होंने बताया कि दल ने जवाबी गोलीबारी करते हुए तस्कर को करीब 20 किलोमीटर दूर अजमेर पुलिस की मदद से पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें कुल चार क्विंटल 42 किलो डोडा चूरा, नौ फर्जी नम्बर प्लेट, एक पिस्तौल, दो मैगजीन एवं आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी बजरंगराम के विरुद्ध विभिन्न थानों में तस्करी के अलावा फिरौती, अपहरण, हत्या का प्रयास जैसे आठ मामले दर्ज हैं और वह अंतरिम जमानत पर फरार है। यह फलौदी के संगठित तस्करों के लिए काम करता है।

श्री कुमार ने बताया कि रविवार को ही एक अन्य कार्रवाई में बेंगू क्षेत्र से ही डोडा चूरा लेकर निकले ट्रक को भीलवाड़ा चौकी के दल ने भीलवाड़ा पुलिस की मदद से दो तस्करों को पकड़कर उनसे 41 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया। तस्करों की पहचान राजकुमार विश्नोई एवं महिपाल चौधरी के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित