मुजफ्फरपुर, मार्च 29 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दो युवकों को गोली मारकर घायल कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार की देर रात सहबाजपुर निवासी अनिल कुमार और सिरसिया बुजुर्ग निवासी राजकिशोर भगत साइकिल से शहर से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान कपरपुरा रेलवे गुमटी के समीप लीची बगान के सुनसान रास्ते पर अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया। दोनों को इलाज के लिए बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूत्रों ने बताया कि अनिल सूतापट्टी में कपड़े की दुकान में काम करता है,जबकि राजकिशोर फूल-माला बेचने का काम करता है। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी, थानाध्यक्ष रविकांत पाठक और स्थानीय विधायक अजीत कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित