पटना , अप्रैल 27 -- ाज्य के ग्रामीण अंचलों को सुरक्षित एवं सुदृढ़ संपर्कता प्रदान करने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से मुजफ्फरपुर जिले में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के अंतर्गत व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से जिले के सुदूर गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ते हुए सुदृढ़ सड़क संपर्कता सुनिश्चित की गई है।
इस दिशा में मुजफ्फरपुर जिले में कुल 2,599 किलोमीटर लंबाई वाले 1,831 ग्रामीण पथों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। वहीं अब तक 2,374 किलोमीटर लंबी 1,645 पक्की सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
इन सड़कों का निर्माण उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप किया गया है, जिससे उनकी संरचनात्मक मजबूती एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो सके। इन सुदृढ़ सड़कों ने जिले में ग्रामीण संपर्कता को नई स्थिरता प्रदान की है, जिससे हर मौसम में निर्बाध आवागमन संभव हुआ है।जिले में ग्रामीण सड़कों के निर्माण से स्थानीय विकास को एक सशक्त आधार मिला है। एक ओर जहाँ गांवों और बाजारों के बीच की दूरी सुगम हुई है, वहीं ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत हो रही है। इस व्यापक संपर्क विस्तार का सबसे अधिक लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।जहाँ पहले कच्चे और जर्जर मार्गों के कारण यात्रा चुनौतीपूर्ण होती थी, वहीं अब पक्की सड़कों के माध्यम से आवागमन सुगम एवं निर्बाध हो गया है। साथ ही गांवों तक वाहनों की पहुँच आसान हुई है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुँच पहले से अधिक सुलभ हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित