मुजफ्फरपुर, मार्च 27 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी में स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र ने वर्ष 2026 के लिए शाही लीची की नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस संबंध में केंद्र की ओर से टेंडर कि सूचना जारी कर इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जारी सूचना के अनुसार, केंद्र परिसर में मौजूद कुल 2704 लीची के पेड़ों के फलों की नीलामी की जाएगी। इच्छुक निविदाकर्ताओं को टेंडर फॉर्म के साथ 1500 रुपये शुल्क (अपरिवर्तनीय) और 25,000 रुपये बतौर जमानत राशि जमा करनी होगी।
निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे निर्धारित की गई है, जबकि उसी दिन दोपहर 3:00 बजे निविदाएं खोली जाएंगी।
केंद्र प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफल निविदाकर्ता को तय समयसीमा के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। नियमों के अनुसार, निविदा खुलने के बाद चयनित व्यक्ति को कुल राशि का 50 प्रतिशत 17 अप्रैल 2026 तक जमा करना होगा। इसके बाद शेष राशि का 25 प्रतिशत 17 मई 2026 तक तथा बाकी 25 प्रतिशत 22 मई 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय पर भुगतान नहीं होने की स्थिति में निविदा रद्द की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित