पटना , दिसंबर 08 -- बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को मंडई वीयर सिंचाई योजना में गति लाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव श्री अमृत ने बैठक में कहा कि मई 2026 तक हर हाल में यह परियोजना पूर्ण हो जिससे किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस परियोजना से जुड़े संवेदक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक का हिस्सा बने एवं उन्होंने कार्य संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान के मुख्य सचिव से वार्ता की । इस पर मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी, ज़मीन उपलब्ध करवाये जाएंगे और साईट पर निर्बाध तरीके से कार्य हो यह भी सुनिश्चित करवाया जाएगा ।
मुख्य सचिव श्री अमृत ने संबंधित विभाग को बिना देरी किये साईट पर सहायक एवं कनीय अभियंताओं को भेजने का भी निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्थल पर कैंप लगा कर कार्यों का तीव्र गति से निष्पादन कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह योजना जहानाबाद जिले के मोदनगंज प्रखंड अंतर्गत मंडई ग्राम के पास फल्गू नदी पर निर्माणाधीन है। इसके तहत फल्गू नदी पर वीयर का निर्माण,दायां एवं बांया मुख्य नहर का निर्माण,नहरों से निकलने वाली वितरणी प्रणाली का निर्माणशामिल है।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ मौसम में समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के पूर्ण होने पर नालंदा जिले के एकंगरसराय प्रखंड में 1364हेक्टेयर,जहानाबाद जिले के मोदनगंज प्रखंड में 2076 हेक्टेयर तथा पटना जिले के धनरूआ प्रखंड में 319 हेक्टेयर कुल 3759 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती को लाभ मिलेगा।
इस बैठक में जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव, के. सेंथिल कुमार, वित्त विभाग के विशेष सचिव मुकेश कुमार लाल एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जहानाबाद की ज़िलाधिकारी सुश्री अलंकृता पांडेय और अन्य वरीय पदाधिकारीगण सम्मिलित हुए।यह बैठक अब प्रत्येक सोमवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होगी ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित