देहरादून, फरवरी 13 -- मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम विभिन्न राजनैतिक दलों से फरवरी तक बीएलए नियुक्त करने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को देहरादून के सुभाष रोड स्थित सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के साथ एक बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण, बीएलओ आउटरीच अभियान, बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की शत प्रतिशत नियुक्ति के संबंध में चर्चा की गयी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि आगामी एसआईआर की तैयारियों को लेकर पूरे प्रदेश में बीएलओ द्वारा आउटरीच अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है।

वर्तमान में प्रदेश में 79 प्रतिशत मैपिंग की जा चुकी है। उन्होंने राजनैतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल में बीएलए के सहयोग से मैपिंग प्रक्रिया और तेजी से की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजनैतिक दलों की ओर से 15437 बूथ लेवल एजेंट्स नियुक्त किया जा चुके है। जिसमें भाजपा के 7165, कांग्रेस के 7968, बीएसपी के 117, सीपीआई (एम) के 187 बीएलए नियुक्त किए गए हैं इसके अलावा आप और एनपीपी न अभी एक भी बीएलए नियुक्त नहीं किया है।

उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से फरवरी माह तक शत प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित